नई दिल्ली. कोरोना संकमण से देश में मौतों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को 7 लोगों की मौत हुई। मध्यप्रदेश के इंदौर में 62 साल के डॉक्टर और देवास में 52 साल के पत्रकार की मौत हो गई। डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस करता था। इसके साथ राज्य में मौत का आंकड़ा 28 पर पहुंच गया है। वहीं, पंजाब में दो और जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और झारखंड में भी एक-एक मौत हुई। इस तरह अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी इन आंकड़ों के साथ देश में मरने वालों की संख्या 204 हो गई है। बुधवार को देश में 27 संक्रमितों की मौत हुई थी।
गुरुवार को हुई मौतें
जम्मू-कश्मीर: जम्मू में 69 साल की महिला की जान चली गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वह उधमपुर जिले की रहने वाली थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने की शिकायत थी।
पंजाब: पंजाब में 24 घंटे में दो की मौत हुई है। रोपड़ के रहने वाले 55 साल के मरीज ने बुधवार देर रात चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। इन्हें डायबिटीज की शिकायत थी। वहीं, दूसरी मौत गुरुवार सुबह जालंधर में 59 साल के व्यक्ति की हुई है। बुधवार शाम को ही इनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पंजाब में अब तक संक्रमण से 10 लोगों की जान जा चुकी है।
झारखंड: आज कोरोना से पहली मौत दर्ज की गई। बोकारो के साडम में 75 साल के मरीज की जान चली गई। प्रशासन बुजुर्ग की ट्रैवल हिस्ट्री पता करने की कोशिश कर रही है।
राजस्थान : जोधपुर में 77 साल के एक कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया है। बुजुर्ग की बुधवार देर रात मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिली रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
| राज्य | मौतें |
| महाराष्ट्र | 80 |
| मध्यप्रदेश | 28 |
| गुजरात | 16 |
| तेलंगाना | 12 |
| दिल्ली | 09 |
| पंजाब | 10 |
| तमिलनाडु | 08 |
| पश्चिम बंगाल | 07 |
| राजस्थान | 07 |
| कर्नाटक | 05 |
| आंध्र प्रदेश | 04 |
| उत्तर प्रदेश | 04 |
| जम्मू-कश्मीर | 04 |
| हिमाचल | 02 |
| हरियाणा | 02 |
| केरल | 02 |
| बिहार | 01 |
| चंडीगढ़ | 01 |
| झारखंड | 01 |
| ओडिशा | 01 |
| कुल | 204 |